रायबरेली में दबंगों का आतंक, प्रधान प्रतिनिधि के साथ मारपीट व गाली-गलौज का आरोप
रायबरेली। गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के भीतरगाँव गांव में दबंगई का मामला सामने आया है, जहां प्रधान प्रतिनिधि के साथ मारपीट और अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित सर्वेश सिंह ने थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, 27 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे हल्का लेखपाल ने उन्हें एक आईजीआरएस शिकायत की जांच के सिलसिले में बुलाया था। इसी दौरान गांव के संदीप सिंह और उनके कुछ साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोप है कि आरोपियों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित का कहना है कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में थे और उन्होंने जमकर हंगामा किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी चर्चा है।
इतना ही नहीं, पीड़ित ने आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में भी होलिका दहन से एक दिन पहले आगजनी की घटना में उक्त व्यक्ति जेल जा चुका है और इस वर्ष भी होली के त्योहार में बाधा डालने की कोशिश कर रहा है।