ब्रेक फेल होने पर चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोता घाटी के पास हुआ हादसा, 20–25 यात्री थे सवार
बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोता घाटी के पास उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब यात्रियों से भरी एक वाहन के ब्रेक अचानक फेल हो गए। वाहन में करीब 20–25 यात्री सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ढलान पर उतरते समय चालक को ब्रेक फेल होने का आभास हुआ। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को पहाड़ की ओर मोड़कर काबू में किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि वाहन अनियंत्रित होकर कुछ दूरी तक घिसटता रहा, लेकिन चालक की तत्परता से वह गहरी खाई में गिरने से बच गया। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इस घटना के बाद यात्रियों ने चालक की समझदारी की सराहना की।
गौरतलब है कि पहाड़ी मार्गों पर आए दिन ब्रेक फेल और ओवरलोडिंग जैसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से नियमित रूप से वाहन की फिटनेस जांच कराने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।