logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

होली पर हुड़दंगियों पर पुलिस की कड़ी नजर, शांति समिति की बैठक में बोले अधिकारी- तीन दिन नहीं चलेगी कोई सिफारिश

पलारी। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में पलारी और गिधपुरी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा।

पलारी थाना प्रभारी परिवेश तिवारी एवं गिधपुरी थाना प्रभारी संदीप बंजारे ने सयुक्त बयान जारी करते हुए कहा, "होली रंगों और भाईचारे का त्योहार है, लेकिन अगर किसी ने इसे अशांति फैलाने का माध्यम बनाया तो पुलिस उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी। हुड़दंगियों के लिए तीन दिन तक कोई सिफारिश नहीं सुनी जाएगी, चाहे वह कितना भी बड़ा जनप्रतिनिधि क्यों न हो।" उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों, ट्रिपल सवारी करने वालों और बिना कागजात के गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर भी कार्रवाई होगी।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ऊंची आवाज में डीजे बजाना, जबरदस्ती रंग-गुलाल डालना, रास्ता रोककर पैसे मांगना, सार्वजनिक मार्गों पर लकड़ी-पत्थर रखना और अश्लील शब्दों का प्रयोग करने वालों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस की पेट्रोलिंग टीमें लगातार गांवों का दौरा करती रहेंगी और संवेदनशील इलाकों पर खास नजर रखी जाएगी।

वही पुलिस ने कहा, "होली के त्योहार पर किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकना हमारी प्राथमिकता है। हमने पुलिस बल की तैनाती कर दी है और माइक्रो प्लानिंग की गई है। असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं।" उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अगर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सविता भीम यादव, नगर पंचायत रोहासी अध्यक्ष नंदेश्वर साहू, नगर पंचायत पलारी उपाध्यक्ष पिंटू वर्मा, पार्षद डोमार वर्मा, भूषण ठेठवार, शैलेन्द्र देवांगन, नेमसिंह बांधे, भोला वर्मा, योगी वर्मा, नारायण धीवर सहित बड़ी संख्या में सरपंच, कोटवार, पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

9
332 views

Comment