600 ट्रक, 400 बसें और 7 घंटे... पिता ने ढूंढ निकाला स्कूल बस में बंद अपना बच्चा, पसीने में मिला...
नोएडा के एक निजी स्कूल में चौंकाने वाली और बेहद गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है जिसने अभिभावकों को झकझोर कर रख दिया है. स्कूल में यूकेजी में पढ़ने वाला एक मासूम छात्र करीब 7 घंटे तक स्कूल बस के अंदर बंद रहा और किसी ने उसकी सुध नहीं ली. जब ढूंढने की बारी भी आई तो स्कूल प्रशासन लापरवाही बरतता दिखा. मगर, एक पिता ने अपने कलेजे के टुकड़े को ढूंढने के लिए पूरी जान लगा दी.
नींद से जागा तो खुद को अकेला पाया
बच्चा सुबह स्कूल बस में बैठते ही सो गया. इधर, बस खराब हो गई तो बच्चों को दूसरी बस में शिफ्ट कर दिया गया. इस दौरान सो रहे बच्चे पर किसी का ध्यान नहीं गया. स्कूल पहुंचने के बाद बाकी बच्चों को उतार दिया गया, लेकिन उसे किसी ने नहीं देखा. बस स्कूल से करीब 25 किलोमीटर दूर सेक्टर-81 के एक बड़े यार्ड में खड़ी कर दी गई, जहां सैकड़ों ट्रक और बसें खड़ी थीं. जब उसकी नींद खुली, तो चारों तरफ सन्नाटा था. न कोई दोस्त…न कोई टीचर…न कोई आवाज. उसने मदद के लिए चीखना शुरू किया. रोया, दरवाजा पीटा, लेकिन बंद एसी बस के लॉक गेट्स के पीछे उसकी आवाज घुटकर रह गई.