जड़ी-बूटियों की महक और हर्बल रंगों के संग फ्यूचर लीडर्स स्कूल में धूमधाम से मना होलिकोत्सव
बिल्सी। रंगों और खुशियों के महापर्व होली का आगाज़ फ्यूचर लीडर्स स्कूल में शनिवार को अनूठे, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय संदेश के साथ किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित ‘होलिकोत्सव’ कार्यक्रम में जड़ी-बूटियों, हर्बल रंगों और पारंपरिक उल्लास का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण आचार्य संजीव रूप की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विशेष रूप से तैयार औषधीय जड़ी-बूटियों से युक्त होलिकोत्सव सामग्री विद्यालय परिवार को भेंट करते हुए पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति के संतुलन और वातावरण शुद्धि का वैज्ञानिक माध्यम भी है। औषधीय जड़ी-बूटियों के उपयोग से वायुमंडल शुद्ध होता है और मौसमी व संक्रामक रोगों से बचाव में सहायता मिलती है। आचार्य जी के प्रेरक उद्बोधन के बाद पूरा विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे हर्बल गुलाल, बच्चों की मुस्कान और उत्साह से सराबोर हो गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर आपसी प्रेम, सौहार्द और सांस्कृतिक परंपरा के साथ होली मनाई। विद्यालय प्रबंधन द्वारा प्राकृतिक और सुरक्षित रंगों के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।विद्यालय के डायरेक्टर वीपी सिंह ने कहा कि होली आपसी एकता और भाईचारे का प्रतीक है तथा ऐसे आयोजन बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करते हैं। एमडी राहुल कुमार सिंह ने प्राकृतिक रंगों के प्रयोग और पर्यावरण संरक्षण पर बल दिया। वहीं प्रधानाचार्य रविन्द्र सिंह ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम छात्रों के सर्वांगीण विकास और अपनी परंपराओं से जुड़ाव के लिए आवश्यक हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिष्ठान ग्रहण कर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया। संवाद