पैसों के विवाद में पनीर विक्रेता पर चाकू से हमला, हालत गंभीर
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के खिरनीबाग स्थित सिटी कार्ट के पास शनिवार देर शाम पैसों के पुराने विवाद में एक पनीर विक्रेता पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल विक्रेता को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
मोहल्ला लोधीपुर निवासी मनोज प्रजापति क्षेत्र में पनीर की दुकान लगाते हैं। बताया जा रहा है कि वह एक अन्य व्यक्ति से पनीर खरीदकर बिक्री करते थे। इसी लेनदेन को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार देर शाम जब मनोज अपनी दुकान पर अकेले थे, तभी आरोपी वहां पहुंच गया और बकाया रकम की मांग करने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और धक्का-मुक्की में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने चाकू निकाल लिया और मनोज पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। चाकू लगने से मनोज गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल ई-रिक्शा से राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार, घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। थाना प्रभारी ब्रजेश सिंह ने बताया कि पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।