दोस्त ने हाईस्कूल छात्र को मारी गोली, हालत गंभीर
कटरा क्षेत्र में वारदात, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
शाहजहांपुर। थाना कटरा क्षेत्र में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक दोस्त ने हाईस्कूल के छात्र को गोली मार दी। गोली लगने से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल छात्र की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक घटना काकोरी शहीद इंटर कॉलेज के पास की है। घायल छात्र की पहचान नैतिक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार को नैतिक का अपने दोस्त से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई, जिसके बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने नैतिक को लहूलुहान हालत में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना कटरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि नैतिक और आरोपी पहले एक ही स्कूल में पढ़ते थे और दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी, लेकिन कुछ समय पहले दोनों ने स्कूल बदल लिया था। विवाद के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
क्षेत्राधिकारी तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि छात्र की हालत खतरे से बाहर है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है।