logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जनपद शाहजहांपुर को टॉप फाइव में लाने का लक्ष्य, अधिकारी-शिक्षक पूरी निष्ठा से करें कार्य: बीएसए दिव्या गुप्ता

शाहजहांपुर। दिव्या गुप्ता ने जनपद की बेसिक शिक्षा व्यवस्था को प्रदेश के टॉप फाइव जिलों में शामिल कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य तभी प्राप्त किया जा सकता है, जब सभी अधिकारी और शिक्षक टीम भावना के साथ पूरी निष्ठा एवं लगन से कार्य करें। उन्होंने समस्त बेसिक शिक्षा परिवार को होली पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

बीएसए ने निर्देश दिए कि 5 मार्च महिला दिवस से पूर्व सभी विद्यालयों में बालिका शौचालय पूर्ण रूप से स्वच्छ और सुसज्जित हों तथा उनकी फोटो प्रेरणा ऐप पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। उन्होंने बताया कि कंपोजिट ग्रांट सभी विद्यालयों तक शत-प्रतिशत पहुंच चुकी है, जिसका आवश्यकता के अनुसार उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

शैक्षिक गुणवत्ता पर बल देते हुए उन्होंने निपुण लक्ष्य ऐप का नवीनतम संस्करण डाउनलोड कर प्रतिदिन कम से कम पांच विद्यार्थियों का आकलन करने के निर्देश दिए। कक्षा एक से तीन तक भाषा एवं गणित की पढ़ाई शिक्षक संदर्शिकाओं के अनुरूप कराई जाए तथा शिक्षक डायरी में नियमित अंकन किया जाए।

उन्होंने कहा कि कक्षाओं में प्रिंट रिच सामग्री प्रदर्शित की जाए और गणित व विज्ञान किट का समुचित उपयोग हो, ताकि बच्चों में सीखने की रुचि बढ़े। निर्धारित तिथियों पर पीटीएम एवं एसएमसी बैठक आयोजित कर अभिभावकों को बच्चों की प्रगति से अवगत कराया जाए।

बीएसए ने छात्र उपस्थिति पंजिका व एमडीएम पंजिका के डिजिटलीकरण को शीघ्र पूर्ण करने, पिंक एवं ब्लू आयरन गोलियों के वितरण का अभिलेख संधारण सुनिश्चित करने तथा न्यूनतम 75 प्रतिशत छात्र उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

साथ ही यू-डायस पोर्टल पर छात्रों की अपार आईडी बनवाने, प्रार्थना स्थल पर प्रतिदिन समाचार पत्र वाचन कराने तथा दिव्यांग बच्चों की स्क्रीनिंग के लिए “प्रशस्त-02” ऐप डाउनलोड कर कार्य पूर्ण करने को कहा।

उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों से अपील की कि छात्र हित सर्वोपरि रखते हुए मासिक पाठ्यक्रम के अनुसार वार्षिक परीक्षा से पूर्व पाठ्यक्रम पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी बिंदुओं पर गंभीरता से कार्य करने पर ही जनपद को प्रदेश के टॉप फाइव में स्थान दिलाया जा सकेगा।

14
544 views

Comment