आरएसएस की तर्ज पर बनेगा राष्ट्रीय सर्वण समाज संघ (RSSS), सहारनपुर में मांगेराम त्यागी ने किया ऐलान
सहारनपुर में आयोजित बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मांगेराम त्यागी ने घोषणा की कि यूजीसी से जुड़े मुद्दों और सामान्य वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए अब संगठनात्मक स्तर पर मजबूत पहल की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तर्ज पर “राष्ट्रीय सर्वण समाज संघ (RSSS)” का गठन किया जाएगा, जो देशभर में सामान्य वर्ग (सवर्ण) समाज के हितों की आवाज़ बुलंद करेगा।
श्री त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि समय आ गया है जब सामान्य वर्ग के लोगों को संगठित होकर अपने अधिकारों की रक्षा करनी होगी। उन्होंने कहा कि “सवर्णों के हक नहीं मारने दिए जाएंगे” और यदि आवश्यकता पड़ी तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन भी किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि शैक्षणिक नीतियों और कुछ प्रस्तावित प्रावधानों के कारण सामान्य वर्ग के युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है, जिसे अनदेखा नहीं किया जा सकता।
राष्ट्रीय सर्वण समाज संघ (RSSS) का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों—ब्राह्मण, ठाकुर, वैश्य और अन्य सामान्य वर्ग—को एक मंच पर लाना बताया गया है। त्यागी ने कहा कि संगठन सामाजिक समरसता, शिक्षा के अधिकार और समान अवसर की नीति के लिए कार्य करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह संगठन संविधान की मर्यादा में रहते हुए अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ेगा।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन के विस्तार का संकल्प लिया और आने वाले समय में जिला व राज्य स्तर पर इकाइयों के गठन की घोषणा की। सहारनपुर से शुरू हुआ यह अभियान अब राष्ट्रीय स्तर पर आकार लेने की तैयारी में है।