logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

होली से पूर्व नगर पंचायत की तैयारी तेज, स्वच्छता व सुरक्षा को लेकर हुई समीक्षा बैठक

फतेहगंज पंचमी। आगामी त्योहारों, विशेषकर होली पर्व को सकुशल एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पंचायत फतेहगंज पंचमी में अधिशासी अधिकारी श्री पुष्पेंद्र राठौर की अध्यक्षता में एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर क्षेत्र की स्वच्छता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
अधिशासी अधिकारी श्री राठौर ने निर्देश दिए कि होली के अवसर पर नगर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। सभी वार्डों, मुख्य मार्गों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं धार्मिक स्थलों पर नियमित और गहन सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से होलिका दहन स्थलों के आसपास साफ-सफाई, कूड़ा-करकट का त्वरित निस्तारण, चूना एवं कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए।
उन्होंने नगर की समस्त नालियों की समयबद्ध सफाई पूर्ण करने पर जोर देते हुए कहा कि जलभराव, दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों की आशंका से बचाव के लिए यह आवश्यक है। सफाई कार्यों की नियमित निगरानी के लिए सुपरवाइजरों को क्षेत्रवार जिम्मेदारी सौंपी गई और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
अधिशासी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान नागरिकों को स्वच्छ वातावरण, समुचित पेयजल और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से पूर्ण जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
बैठक में नगर पंचायत के अधिकारीगण, सफाई निरीक्षक, सुपरवाइजर और सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी को अपने-अपने दायित्व समयबद्ध और प्रभावी ढंग से निभाने के निर्देश प्रदान किए गए, ताकि नगरवासी होली पर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और उल्लासपूर्ण वातावरण में मना सकें।

10
866 views

Comment