जगदलपुर: HIV पॉजिटिव प्रसूता से बदसलूकी, स्वास्थ्य कर्मियों पर FIR
छत्तीसगढ़ बस्तर संभाग के सबसे बड़े सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसव के लिए आई एक HIV संक्रमित महिला के साथ न केवल दुर्व्यवहार किया गया, बल्कि उसकी पहचान भी उजागर कर दी गई. इस गंभीर लापरवाही और संवेदनहीनता के खिलाफ कार्रवाई करते हुए परपा थाना पुलिस ने अस्पताल की स्टाफ नर्स सहित अन्य दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि अस्पताल के स्टाफ ने उसकी बीमारी का सार्वजनिक मजाक उड़ाया और मानसिक प्रताड़ना देने के साथ-साथ उससे साफ-सफाई तक करवाई.
यह मामला तब तूल पकड़ा जब बस्तर पॉजिटिव नेटवर्क जैसे संगठनों ने इस अमानवीय कृत्य के खिलाफ आवाज उठाई और इसे मरीज के मौलिक अधिकारों का हनन बताया.
कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, HIV और एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम 2017 के तहत किसी भी मरीज की जानकारी साझा करना एक गंभीर संज्ञेय अपराध है.
पुलिस अब इस मामले में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान कर रही है, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गरिमा बहाल की जा सके और पीड़ित महिला को न्याय मिल सके.