logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

रामलीला मंच,खेल मैदान व क्लब संचालन हेतु नियम तय, नई समिति का गठन

ग्राम सभा की ऐतिहासिक बैठक में लिए गए सर्वसम्मत निर्णय

महुली/सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
ग्राम सभा में दिनांक 27 फरवरी 2026 को सायंकाल ग्राम प्रधान महुली अरविंद जायसवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में रामलीला मंच, क्लब तथा सामुदायिक भवन के सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक नियमावली निर्धारित की गई। साथ ही सर्वसम्मति से नई समिति का गठन भी किया गया।
बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि ग्राम के सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हों, इसके लिए समिति की देखरेख अनिवार्य होगी। बिना समिति की पूर्व अनुमति किसी भी प्रकार का सार्वजनिक या निजी कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति नियमों की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
समिति का सर्वसम्मत चयन
ग्राम सभा में निम्नलिखित पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया—
मुख्य संरक्षक – रंजना चौधरी (ब्लॉक प्रमुख दुद्धी)
संरक्षक – राजन चौधरी (सेवानिवृत जिला जज), सुशील गुप्ता, मनोज कनौजिया
अध्यक्ष –अरविंद जायसवाल ग्राम प्रधान महुली (वर्तमान पदाधिकारी)
उपाध्यक्ष – वीरेंद्र कनौजिया (पिंकी), विवेक कनौजिया
सचिव –अमित कुमार कनौजिया(पप्पू)
कोषाध्यक्ष – श्री कमलेश कनौजिया(लक्ष्मी हार्डवेयर)
प्रबंधक – श्याम बिहारी कनौजिया, राकेश कनौजिया(प्रधानाचार्य आदर्श इंटरमीडिएट कालेज महुली), राजकपूर कनौजिया, विजेंद्र कनौजिया,मनीष कुमार कन्नौजिया।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर समिति के पदाधिकारियों में परिवर्तन ग्राम सभा की सहमति से किया जा सकेगा।
संचालन संबंधी प्रमुख निर्णय
निजी कार्यक्रमों जैसे विवाह, वर्षगाँठ आदि के लिए रामलीला मंच एवं सामुदायिक भवन के उपयोग हेतु 1000 रुपये का निर्धारित शुल्क लिया जाएगा। सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी समिति की होगी।
वार्षिक त्यौहारों, धार्मिक आयोजनों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन समिति की देखरेख में किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, मेले या अस्थायी बाजार के दौरान लगने वाली दुकानों से नियमानुसार शुल्क वसूला जाएगा, जिसका उपयोग परिसर के रखरखाव एवं विकास कार्यों में किया जाएगा।
ग्राम प्रधान ने बैठक के अंत में कहा कि ग्राम की एकता, स्वच्छता और सांस्कृतिक गरिमा बनाए रखने के लिए सभी ग्रामीणों का सहयोग आवश्यक है। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा उपस्थित सभी ग्रामीणों ने लिए गए निर्णयों का समर्थन करते हुए ग्राम विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

98
3423 views

Comment