बीसलपुर में शिक्षा-संस्कृति का संगम, बाला देवी रोशन लाल कॉलेज में वार्षिक समारोह धूमधाम से सम्पन्न
बीसलपुर। बाला देवी रोशन लाल कॉलेज ऑफ हायर एजुकेशन में वार्षिक सांस्कृतिक समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसके साथ ही पूरा परिसर उत्साह और उमंग से सराबोर हो उठा।
समारोह में कॉलेज प्रबंधक डॉ. रत्नेश गंगवार, संस्थान की अध्यक्षता कर रहीं प्रियंका गंगवार तथा पूर्व ब्लॉक प्रमुख तारावती गंगवार की विशेष उपस्थिति रही। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। इस अवसर पर बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, एमए, एमएससी, गृहविज्ञान और फार्मेसी विभाग के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, लोकसंस्कृति और सामाजिक विषयों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। रंगारंग कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से सभागार गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 100 से अधिक विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में डॉ. रत्नेश गंगवार ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी। वहीं प्रियंका गंगवार ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहने का संदेश दिया।