logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बांका के धोरैया में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने पति सहित चार पर दर्ज कराई प्राथमिकी

संवाददाता । अंग संदेश

धोरैया (बांका): Bihar के Banka जिला अंतर्गत Dhoraiya प्रखंड के गचिया पंचायत स्थित बसबिट्टा गांव में बुधवार को एक हृदयविदारक और संदिग्ध घटना सामने आई। गांव निवासी नंदकिशोर मंडल के घर में उनकी पुत्रवधू अमृता देवी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
सूचना पर धोरैया थाना की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने जिस कमरे में शव मिला, उसे सील कर ‘क्राइम सीन – डू नॉट एंटर’ टेप से घेर दिया, ताकि साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो सके। इसके बाद बारीकी से छानबीन और पूछताछ की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
मृतका के ससुर नंदकिशोर मंडल ने बताया कि घर में पहले भी खाने-पीने को लेकर आपसी विवाद हुआ करता था। उनके अनुसार घटना के समय घर के सदस्य बाहर थे और वे स्वयं गाय को चारा देने गए थे। घर से बच्चे के रोने की आवाज सुनकर जब वे अंदर पहुंचे तो अमृता को मृत अवस्था में पाया। उन्होंने इसे आत्महत्या का मामला बताया।
हालांकि, मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया जब गुरुवार को मृतका के भाई पुरुषोत्तम कुमार ने धोरैया थाना में लिखित आवेदन देकर अमृता के पति प्रीतम कुमार, सास बिना देवी, ससुर नंदकिशोर मंडल एवं देवर रूपेश कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई।
दर्ज आवेदन में पुरुषोत्तम कुमार ने आरोप लगाया है कि उनकी बहन को ससुराल पक्ष के लोग अक्सर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना देते थे। जब भी अमृता इसकी जानकारी मायके वालों को देती, तो उसे और अधिक प्रताड़ित किया जाता था। आवेदन में यह भी उल्लेख है कि मंगलवार को अमृता ने अपने साथ मारपीट और गाली-गलौज की बात पति को बताई थी, लेकिन पति ने उसका साथ देने के बजाय अपने माता-पिता और भाई का पक्ष लिया। इसकी जानकारी अमृता ने अपनी भाभी को भी फोन पर दी थी।
परिजनों का आरोप है कि बुधवार को ससुराल पक्ष की ओर से सूचना दी गई कि अमृता ने आत्महत्या कर ली है, लेकिन मायके पक्ष इसे सुनियोजित साजिश के तहत हत्या का मामला बता रहा है। मृतका के भाई ने पति, सास, ससुर एवं देवर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और संबंधित पक्षों से पूछताछ जारी है।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों की निगाहें अब प्रशासनिक कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।

रिपोर्टर ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन जन-जन की आवाज जय हिंद जय भारत🇳🇪

4315 views

Comment
  • Sanjit Goswami

    इसे ज्यादा से ज्यादा लोग दोस्त यारों शेयर करें