दादरी में सहेली के साथ गई छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, पीजीआई में उपचार के दौरान मौत
चरखी दादरी/
दादरी जिले के एक गांव में दसवीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में उसे पहले नागरिक अस्पताल और बाद में रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार छात्रा मंगलवार सुबह करीब 8 बजे घर से स्कूल के लिए निकली थी। दोपहर करीब 1:30 बजे परिजनों को उसकी सहेली का फोन आया कि छात्रा दादरी के एक गार्डन में बेहोशी की हालत में पड़ी है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया।
ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने बताया कि छात्रा अचेत अवस्था में लाई गई थी और उसकी हालत अत्यंत गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। पीजीआई में उपचार के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया।
परिजनों की शिकायत पर दादरी सिटी थाना पुलिस ने एक छात्रा सहित चार युवकों के खिलाफ हत्या, सामूहिक दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग उठ रही है।