कॉलेज के बाहर गेट पर इंतजार करता रहा पति, शादी के दूसरे दिन प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन
बिहार के मोतिहारी जिले में शादी के महज दो दिन बाद एक दुल्हन के प्रेमी संग फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के समय पति कॉलेज के गेट के बाहर अपनी पत्नी का इंतजार करता रह गया।
जानकारी के अनुसार, संग्रामपुर थाना क्षेत्र की लक्की कुमारी की शादी 20 फरवरी को तुरकौलिया निवासी भानु शर्मा से हुई थी। 21 फरवरी को विदाई के बाद दुल्हन अपने ससुराल पहुंची। अगले ही दिन 22 फरवरी को उसने परीक्षा होने की बात कही और पति के साथ मोतिहारी स्थित एक कॉलेज पहुंची। कॉलेज गेट पर पति को खड़ा कर वह अंदर गई और वहीं से अपने प्रेमी के साथ भाग निकली।
काफी देर तक इंतजार के बाद जब वह वापस नहीं लौटी, तो पति ने खोजबीन शुरू की। ससुराल पक्ष का आरोप है कि दुल्हन अपने साथ लाखों रुपये के आभूषण और एक लाख रुपये नकद भी ले गई है। इस मामले में पीड़ित पति ने तुरकौलिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।