सिहुन्ता थाना में विद्यार्थियों ने जाना पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर थाना प्रभारी मनोज कौंडल ने नशा मुक्ति और ट्रैफिक नियमों पर दी महत्वपूर्ण जानकारी
सिहुन्ता थाना में विद्यार्थियों ने जाना पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर थाना प्रभारी मनोज कौंडल ने नशा मुक्ति और ट्रैफिक नियमों पर दी महत्वपूर्ण जानकारी
शिमला , रजनीश ठाकुर
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समोट के छात्र-छात्राओं ने आज पुलिस थाना सिहुन्ता का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका तथा आमजन की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
थाना परिसर में मौजूद थाना प्रभारी मनोज कौंडल और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि किस प्रकार पुलिस समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए दिन-रात कार्य करती है। छात्रों को एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, आपातकालीन सेवाओं और शिकायत निवारण प्रणाली के बारे में भी अवगत कराया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों को नशीली वस्तुओं के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर सकता है, इसलिए इससे दूर रहना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही ट्रैफिक नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा सड़क सुरक्षा के महत्व पर भी जोर दिया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने इस शैक्षणिक भ्रमण को विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया। अंत में छात्रों ने पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया और समाज में जागरूक नागरिक बनने का संकल्प लिया।