logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शिक्षिका आत्महत्या मामला: बेटी तो चली गई, अब समझौता कैसा मां ने लगाई आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार

शाहजहाँपुर।
सदर बाजार थाना क्षेत्र के चिनौर निवासी 22 वर्षीय शिक्षिका संभवी शुक्ला की आत्महत्या के मामले में परिजनों का धैर्य अब जवाब दे रहा है। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी प्रखर वाजपेयी और उसके परिवार की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित मां निर्मला देवी ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन वे अपनी बेटी के न्याय के लिए पीछे नहीं हटेंगी।

शादी का झांसा, अश्लील वीडियो और फिर ब्लैकमेलिंग
मृतका की मां निर्मला देवी ने आरोप लगाया कि चौक कोतवाली क्षेत्र के केरूगंज निवासी प्रखर वाजपेयी ने संभवी को शादी के जाल में फंसाया था। प्रखर और उसके परिजन शादी के बदले 5 लाख रुपये नकद, लग्जरी कार और हीरे की अंगूठी की मांग कर रहे थे। हद तो तब हो गई जब प्रखर ने संभवी के अश्लील वीडियो बना लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर चिनौर स्थित उनका मकान अपने नाम कराने का दबाव बनाने लगा।

पापा बचा लो ऑडियो क्लिप खोल रही प्रताड़ना की पोल
परिजनों के अनुसार, प्रखर अक्सर संभवी को स्कूल से आते-जाते समय परेशान और मारपीट करता था। एक ऑडियो रिकॉर्डिंग का हवाला देते हुए मां ने बताया कि एक दिन संभवी ने रोते हुए फोन पर कहा था, "पापा मुझे बचा लो।" 11 फरवरी को संभवी ने अपनी बड़ी बहन को आपबीती सुनाते हुए बताया था कि प्रखर के पास उसके निजी वीडियो हैं और वह अब घर हड़पने की जिद पर अड़ा है। इसी मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर 12 फरवरी को शिक्षिका ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल, पिता ने दी आत्मदाह की चेतावनी
मामले में प्रखर वाजपेयी, उसकी मां सुनीता, मामा अजय मिश्रा और नाना-नानी के खिलाफ एफआईआर दर्ज है। संभवी के पिता उमेश चंद्र शुक्ला ने पुलिस की सुस्ती पर नाराजगी जाहिर करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे आत्मदाह करने को मजबूर होंगे।

आरोपी पक्ष लगातार राजीनामा करने का दबाव बना रहा है। मेरी बेटी तो अब इस दुनिया में नहीं है, फिर मैं समझौता क्यों करूं? मुझे सिर्फ न्याय चाहिए और आरोपियों की गिरफ्तारी चाहिए।
निर्मला देवी, मृतका की मां

जांच जारी है: पुलिस
इस संबंध में थाना प्रभारी ब्रजेश सिंह का कहना है कि विवेचना प्रचलित है। मृतका का आईफोन कब्जे में है, जिसका लॉक खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

2
167 views

Comment