शाहजहांपुर में मारपीट के मामले का वांछित गिरफ्तार, डंडा बरामद
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने मारपीट के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 23 फरवरी 2026 को मोहल्ला रोशनगंज निवासी वादी की तहरीर पर मुकदमा संख्या 57/2026 धारा 191(2), 191(3), 352, 115(2), 118(1) बीएनएस के तहत छह नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आरोप है कि नामजद आरोपियों ने रॉड, लाठी-डंडों व धारदार हथियार से वादी और उसके पिता के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा विरोध करने पर हमला कर दिया।
मामले में वांछित आयुष पुत्र हरिशंकर (25) निवासी रोशनगंज, हाल पता काशीराम कॉलोनी को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 26 फरवरी की रात करीब 11:03 बजे मघई टोला स्थित गौशाला के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर विसरात रोड स्थित खन्नौत नदी के नए पुल के नीचे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट का एक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह, उपनिरीक्षक प्रियव्रत दुहुण समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।