महिला उद्यमियों के हुनर का मंच बना रांची प्रेस क्लब का वसंत मेला, मंत्री शिल्पी ने किया उद्घाटन
रांची, 27 फरवरी। रांची प्रेस क्लब में महिला पत्रकारों की संस्था ‘वीमेन्स वेलफेयर कमेटी’ की ओर से आयोजित दो दिवसीय वसंत मेला शुक्रवार को शुरू हुआ। मेले का औपचारिक उद्घाटन राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया। उद्घाटन के अवसर पर उन्होंने कहा कि यह मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि महिला शक्ति और उद्यमिता का जीवंत उदाहरण है।
मंत्री ने कहा कि महिला पत्रकारों की पहल पर आयोजित इस वसंत मेले में महिला उद्यमियों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निरंतर प्रयास कर रही है और ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अपने हुनर को मंच मिलता है।
मेले में लाइफ स्टाइल, परिधान, फूड, खिलौने और जेवरात के 40 से ज्यादा आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। आदिवासी परिधान और हस्तशिल्प से लेकर खादी, गुजराती, कच्छी और बांग्ला परिधानों तक विविधता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। रंग, रौनक और रचनात्मकता से सजे इस मेले में स्वादिष्ट व्यंजनों की खुशबू और रंग-बिरंगे स्टॉल आगंतुकों को आकर्षित कर रहे हैं।
रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभु नाथ चौधरी ने मेले के आयोजन की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंच महिला पत्रकारों और उद्यमियों के बीच सहयोग और सशक्तिकरण का सेतु बनेगा। वरिष्ठ पत्रकार शर्मिष्ठा मजुमदार ने मेले की परिकल्पना और इसके उद्देश्य की जानकारी देते हुए कहा कि वसंत मेला महिलाओं की रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता को समर्पित है।
इस अवसर पर प्रेस क्लब की कार्यकारिणी सदस्य प्रतिमा कुमारी, नेहा वारसी और नीलू मिश्रा ने मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। स्वागत भाषण क्लब के कोषाध्यक्ष कुबेर सिंह ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन करबी दत्ता ने किया। इस मौके पर कार्यकारिणी सदस्य चंदन वर्मा, अशोक गोप, सौरभ शुक्ला सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। उद्घाटन कार्यक्रम का संचालन मृदुला संतोष ने किया।
मेले के दौरान शाम में आदिवासी थीम पर फैशन शो का भी आयोजन हुआ, जिसने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। पहले दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की।