सूरजगढ़ को बजट में बड़ी सौगात: विधायक श्रवण कुमार की अनुशंसा पर 12.5 किमी सड़क के चौड़ाईकरण को मिली मंजूरी
राजस्थान सरकार के बजट 2026–27 में सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र को महत्वपूर्ण सौगात मिली है। क्षेत्रीय विधायक श्रवण कुमार के प्रयासों से गाडाखेड़ा से बुहाना तक जाने वाली मुख्य सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा आज वित्त एवं विनियोग विधेयक पर चर्चा के दौरान इस सड़क परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई।
घोषणा के अनुसार गाडाखेड़ा–शाहपुर–श्यामपुरा मैनाना–पालोता–बुहाना मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस सड़क की कुल लंबाई 12.5 किलोमीटर होगी, जिस पर लगभग 9 करोड़ 98 लाख रुपए की लागत से कार्य कराया जाएगा। यह सड़क झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ती है।
ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
सड़क निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आवागमन सुगम होगा। किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को भी बेहतर परिवहन व्यवस्था का लाभ मिलेगा। सड़क उन्नयन से यात्रा समय कम होने के साथ सड़क सुरक्षा में भी सुधार होने की उम्मीद है।
विधायक बोले — विकास कार्यों को मिलेगी गति
विधायक श्रवण कुमार ने कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग को बजट में शामिल कराया गया है। उन्होंने राज्य सरकार का आभार जताते हुए कहा कि सूरजगढ़ के विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे और क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
क्षेत्रवासियों में खुशी
सड़क निर्माण की घोषणा के बाद संबंधित गांवों के लोगों में खुशी का माहौल है। सूरजगढ़ निवासियों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सरकार एवं विधायक श्रवण कुमार का आभार व्यक्त किया है।