logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मनावर के गांधी चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल की मांग विधानसभा में गूंजी आवाज- डॉ. अलावा

**मनावर के गांधी चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल की मांग गूंजी विधानसभा में
भारी वाहनों के दबाव से बिगड़ी यातायात व्यवस्था, ध्यानाकर्षण सूचना क्रमांक 109 पर सरकार का जवाब**

मनावर/धार/भोपाल।
मध्यप्रदेश विधानसभा के फरवरी-मार्च 2026 सत्र में मनावर की बदहाल यातायात व्यवस्था का मुद्दा जोरदार ढंग से उठा। विधायक डॉ. हीरालाल अलावा द्वारा नियम 138(1) के तहत दी गई ध्यानाकर्षण सूचना क्रमांक 109 के माध्यम से मनावर के गांधी चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल स्थापित करने और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की गई।
विधानसभा सचिवालय से जारी पत्र के अनुसार 27 फरवरी 2026 को सदन में यह सूचना पढ़ी गई, जिसके बाद गृह (पुलिस) विभाग ने विस्तृत विभागीय टीप प्रस्तुत की।
चार राज्य मार्गों का दबाव, औद्योगिक क्षेत्र बना बड़ी वजह
धार जिले के मनावर कस्बे से राज्य राजमार्ग क्रमांक 36, 37 और 39 गुजरते हैं। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां सीमेंट फैक्ट्रियों के भारी ट्राले, डंपर और लोडिंग वाहन दिन-रात आवाजाही करते हैं। इसके चलते गांधी चौराहा लगातार जाम और दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है।
विधायक डॉ. अलावा ने सदन में बताया कि ट्रैफिक सिग्नल नहीं होने से प्रतिदिन जाम की स्थिति बनती है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे जनहानि का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय जनता में इस मुद्दे को लेकर गहरा रोष व्याप्त है।
सरकार का जवाब: अतिरिक्त बल तैनात, सिग्नल की उपयोगिता का आकलन जारी
गृह विभाग की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया कि मनावर में यातायात नियंत्रण के लिए जनवरी 2024 से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। गांधी चौराहे पर यातायात को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शुक्रवार को साप्ताहिक हाट बाजार के दौरान बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाता है।
जिला सड़क सुरक्षा समिति के माध्यम से दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाने की उपयुक्तता का परीक्षण भी किया जा रहा है।
जनसुरक्षा बनाम प्रशासनिक प्रक्रिया
हालांकि प्रशासन द्वारा निगरानी और अतिरिक्त बल की तैनाती का दावा किया गया है, लेकिन स्थानीय नागरिकों की मांग है कि स्थायी समाधान के रूप में ट्रैफिक सिग्नल की स्थापना शीघ्र की जाए, ताकि मनावर की व्यस्त सड़कों पर जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
विधानसभा में उठे इस मुद्दे ने स्पष्ट कर दिया है कि मनावर की यातायात व्यवस्था अब प्रशासनिक प्राथमिकता का विषय बन चुकी है। आने वाले समय में सरकार इस दिशा में क्या ठोस कदम उठाती है, इस पर क्षेत्रवासियों की निगाहें टिकी हैं।

35
2343 views

Comment