Asian Game's की स्वर्ण पदक विजेता स्वप्ना बर्मन TMC में शामिल
कोलकाता :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने खेल जगत में अपनी पकड़ मजबूत की है। शुक्रवार को 2018 एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता एथलीट स्वप्ना बर्मन औपचारिक रूप से टीएमसी में शामिल हो गईं। राज्य के मंत्रियों ब्रात्य बसु और चंद्रिमा भट्टाचार्य ने उन्हें पार्टी का झंडा थमाकर स्वागत किया। इस अवसर पर सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देब भी उपस्थित थे। पार्टी में शामिल होने के बाद स्वप्ना ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की प्रेरणा से प्रभावित हूं और उन्हीं के पदचिन्हों पर चलना चाहती हूं। लोगों की सेवा करने के लिए तृणमूल सबसे उपयुक्त मंच है।" जलपाईगुड़ी की रहने वाली स्वप्ना वर्तमान में रेलवे कर्मचारी हैं। जनवरी में सिलीगुड़ी के एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात के बाद से ही उनके राजनीति में आने की अटकलें तेज थीं। इस मौके पर मंत्री ब्रात्य बसु ने भाजपा पर निशाना साधते हुए महिला पहलवानों के मुद्दे का जिक्र किया और कहा कि भाजपा महिला एथलीटों का सम्मान नहीं करती। वहीं, गौतम देब ने राजवंशी समुदाय से आने वाली स्वप्ना की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि वह अब खेल क्षेत्र के विकास में बड़ी भूमिका निभाएंगी।