logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे का आकस्मिक निरीक्षण—निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नाराज़, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


बिलाईगढ़ विकासखंड के विभिन्न शासकीय संस्थानों एवं निर्माण कार्यों का कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने बुधवार को आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नर्सरी पेंड्रावन में फेंसिंग कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी
कलेक्टर ने सबसे पहले शासकीय नर्सरी पेंड्रावन का निरीक्षण किया, जहां लगभग सवा एकड़ भूमि में मेथी की खेती की जा रही है। उन्होंने फसल प्रगति की जानकारी ली। नर्सरी में डीएमएफ मद से लगभग 9 लाख रुपये से किए गए चैन फेंसिंग कार्य का निरीक्षण करने पर गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर कलेक्टर ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।
नर्सरी में आय के स्रोतों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों ने बताया कि नर्सरी कुल 10 एकड़ में फैली है, जिसमें से 2 एकड़ में आम का बगीचा विकसित किया गया है। यहां 95 आम के पेड़ हैं तथा 4 प्रजातियों के आम लगाए गए हैं।
महतारी सदन भवन निर्माण में भी गुणवत्ता पर सवाल
नर्सरी के सामने पेंड्रावन में 25 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन महतारी सदन भवन का भी कलेक्टर ने निरीक्षण किया। यहां भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता ठीक नहीं मिलने पर उन्होंने ठेकेदार एवं संबंधित इंजीनियर को फटकार लगाते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
कन्या छात्रावास पेंड्रावन—उपस्थिति में कमी, भोजन की व्यवस्था की जांच
कलेक्ट्रेट टीम ने शासकीय प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास पेंड्रावन का औचक निरीक्षण किया। उपस्थिति पंजी के अवलोकन में पता चला कि 50 सीटर छात्रावास में निरीक्षण के दौरान केवल 5 छात्राएं उपस्थित थीं। कलेक्टर ने भोजन व्यवस्था की जानकारी लेकर इसे बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत कोट—सामुदायिक भवन निर्माण की समीक्षा
निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर ने ग्राम पंचायत कोट में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने समयसीमा और गुणवत्ता दोनों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा एवं सरसीवा तहसीलदार आयुष तिवारी उपस्थित रहे।

70
2437 views

Comment