राज्य बार काउंसिल चुनाव : दुर्गापुर कोर्ट में कानून मंत्री मलय घटक ने किया प्रचार
राज्य बार काउंसिल चुनाव : दुर्गापुर कोर्ट में कानून मंत्री मलय घटक ने किया प्रचार
दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल राज्य बार काउंसिल के आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। राज्य के कानून, न्याय और श्रम मंत्री मलय घटक ने शुक्रवार को दुर्गापुर महकमा अदालत का दौरा कर तृणमूल कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। ज्ञात हो कि बार काउंसिल के चुनाव आगामी 9 और 10 मार्च को होने निर्धारित हैं। अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री मलय घटक ने कहा कि वे संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से पूरे राज्य का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह चुनाव केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं के अधिकारों और हितों की रक्षा का एक सशक्त माध्यम है। इस दौरान उन्होंने वकीलों की समस्याओं को भी सुना। विशेष रूप से नए अदालत भवन में बैठने की जगह की कमी पर चर्चा करते हुए मंत्री ने आश्वासन दिया कि इस समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने परिसर में बुनियादी ढांचे के विकास और बेहतर कार्य वातावरण प्रदान करने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। चुनाव से ठीक पहले मंत्री के इस दौरे ने स्थानीय अधिवक्ताओं के बीच खासा उत्साह पैदा कर दिया है।