logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शुद्ध मिठाई और हर्बल गुलाल का तोहफा: जिला प्रशासन की पहल से सुरक्षित और स्वादिष्ट होगी होली।

झालावाड़, 27 फरवरी। होली के पावन अवसर पर आमजन को शुद्ध मिठाइयों का स्वाद और सुरक्षित होली खेलने का संदेश देते हुए जिला प्रशासन ने विशेष पहल की है। इसी क्रम में शुक्रवार को अजय सिंह राठौड़ (जिला कलक्टर) एवं अमित कुमार (पुलिस अधीक्षक) ने मिनी सचिवालय के मुख्य द्वार पर संचालित स्टॉल का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। यह स्टॉल झालावाड़ सहकारी उपभोक्ता होलसेल भण्डार लिमिटेड के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।

जिला कलक्टर ने बताया कि होली जैसे पर्व पर शुद्ध देशी घी से बनी पारंपरिक स्थानीय मिठाइयों का महत्व अत्यधिक है, लेकिन समय के साथ इनका प्रचलन कम होता जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा बिना मुनाफे के न्यूनतम दरों पर स्थानीय मिठाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से दीपावली व होली पर इस प्रकार की पहल को जनता ने सराहा है और सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।

सरस के शुद्ध देशी घी से बनी मिठाइयां
स्टॉल पर सरस के शुद्ध देशी घी से तैयार स्वास्थ्यवर्धक मिठाइयां उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें मोतीचूर के लड्डू, बेसन के लड्डू, बेसन चक्की, मठरी और मक्खन वड़ा शामिल हैं।

मिठाइयों की निर्धारित दरें
प्रशासन द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार—

मोतीचूर के लड्डू: 360 रुपए प्रति किलो

बेसन के लड्डू: 360 रुपए प्रति किलो

बेसन चक्की: 320 रुपए प्रति किलो

मठरी: 260 रुपए प्रति किलो

मक्खन वड़ा: 400 रुपए प्रति किलो

इसके अतिरिक्त 500 ग्राम का गिफ्ट पैक भी उपलब्ध है, जिसमें सभी प्रकार की मिठाइयां शामिल हैं। इसकी कीमत 175 रुपए प्रति नग निर्धारित की गई है।

हर्बल गुलाल से सुरक्षित होली का संदेश
स्टॉल पर महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार ‘राजसखी’ झालावाड़ी हर्बल गुलाल भी उपलब्ध कराया गया है। यह गुलाल 100 प्रतिशत प्राकृतिक अवयवों से निर्मित है और हानिकारक रसायनों से पूर्णतः मुक्त है। गुलाल हरा, पीला, गुलाबी और ऑरेंज रंगों में उपलब्ध है। चारों रंगों के 100-100 ग्राम पैकेट वाले एक सेट की कीमत 100 रुपए रखी गई है।

जिला कलक्टर ने आमजन से अपील की कि वे इस वर्ष हर्बल गुलाल से ही होली मनाएं और सुरक्षित व पर्यावरण हितैषी पर्व का संदेश दें।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचन्द मीणा, महाप्रबंधक जयदीप सिंह हाड़ा सहित विभिन्न अधिकारीगण उपस्थित रहे।

2
169 views

Comment