कोलकाता और दक्षिण बंगाल में भूकंप के तेज झटके, बांग्लादेश का खुलना रहा भूकंप का केंद्र
कोलकाता और दक्षिण बंगाल में भूकंप के तेज झटके, बांग्लादेश का खुलना रहा भूकंप का केंद्र
कोलकाता :- शुक्रवार दोपहर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। दोपहर लगभग 1:22 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.3 मापी गई। भूकंप का केंद्र पड़ोसी देश बांग्लादेश का खुलना क्षेत्र था, जो पश्चिम बंगाल के टाकी से मात्र 26 किलोमीटर दूर है।
कोलकाता में कई सेकंड तक कंपन महसूस होने के कारण लोग डर के मारे ऊंची इमारतों और कार्यालयों से बाहर निकल आए। शहर के कुछ हिस्सों से पुरानी इमारतों के झुकने की खबरें भी मिली हैं। कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, झाड़ग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर में भी कंपन का गहरा असर देखा गया। मेदिनीपुर में जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के कर्मचारी दहशत में बाहर भागने लगे। कई स्थानों पर घरों में लगे पंखे और फर्नीचर हिलते हुए देखे गए। फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।