संत कबीर नगर में भीषण सड़क हादसा, अर्टिगा पलटने से तीन की मौत
संत कबीर नगर में भीषण सड़क हादसा, अर्टिगा पलटने से तीन की मौत
संत कबीर नगर। जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना मेंहदावल थाना क्षेत्र के बीएम सिटी मार्ग पर अछीया मोहल्ले के पास हुई।
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार अर्टिगा कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार, सभी मृतक एक बारात में शामिल होकर घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन की गति काफी अधिक थी, जिससे चालक संतुलन नहीं बना सका और यह हादसा हो गया।
दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान मेंहदावल थाना क्षेत्र के बढ़या ठाठर निवासी मिंटू पांडे, पिंडारी कला निवासी दुर्गेश गुप्ता और बिशनपुर निवासी श्रवण शर्मा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही उनके गांवों में शोक की लहर फैल गई।
सूचना मिलने पर मेंहदावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को वाहन से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी सुरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना प्रतीत हो रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।