प्रयागराज में अब न्यू नोएडा की तर्ज पर एक आधुनिक और हाईटेक टाउनशिप विकसित की जाएगी।
प्रयागराज में अब न्यू नोएडा की तर्ज पर एक आधुनिक और हाईटेक टाउनशिप विकसित की जाएगी। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) झूंसी क्षेत्र में इस महत्वाकांक्षी आवासीय परियोजना को आकार देने जा रहा है।
यह योजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘शहरी विस्तारीकरण योजना’ का हिस्सा है। किसानों से जमीन अधिग्रहण को लेकर वार्ता अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
झूंसी क्षेत्र में लगभग 1500 बीघा से अधिक भूमि पर इस टाउनशिप का विकास प्रस्तावित है। इसके लिए पीडीए ने 700 से अधिक काश्तकारों से जमीन खरीदने की तैयारी कर ली है। इस योजना के तहत प्रयागराज ही नहीं, बल्कि प्रतापगढ़, जौनपुर, भदोही सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लोगों को प्लॉट और भूखंड खरीदने का अवसर मिलेगा।
टाउनशिप में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुमंजिला अपार्टमेंट बनाए जाएंगे। प्रत्येक सोसायटी में लगभग 400 फ्लैट होंगे। इसके अलावा करीब 1600 छोटे-बड़े प्लॉट भी विकसित किए जाएंगे।
परियोजना में निम्न सुविधाएं शामिल होंगी:
चौड़ी और सुदृढ़ सड़कें
बिजली व पेयजल की समुचित व्यवस्था
स्कूल और कॉलेज
पार्क एवं खेल मैदान
सामुदायिक भवन और विवाह गृह
शॉपिंग मॉल
जिम और स्विमिंग पूल
यह टाउनशिप रिंग रोड से कुछ ही दूरी पर विकसित की जाएगी, जिससे वाराणसी और मीरजापुर के लिए आवागमन आसान होगा।
टाउनशिप के लिए जिन किसानों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी, उन्हें बाजार दर से चार गुना तक मुआवजा दिया जाएगा। किसानों की सहमति के आधार पर पीडीए ने कंसल्टेंट कंपनी ‘टीला’ को नियुक्त किया है।
कंपनी के प्रतिनिधि मुकुंदपुर, चकिया हिनौता और चक हिनौता के किसानों से संवाद कर रहे हैं और उन्हें योजना के लाभों की जानकारी दे रहे हैं।
जमीन अधिग्रहण और मुआवजा प्रक्रिया के लिए जिला प्रशासन की ओर से एसएलओ (स्पेशल लैंड ऑफिसर) की टीम भी तैनात की गई है।