खुरई विधानसभा में पशु चिकित्सा विभाग के रिक्त पदों से बढ़ी परेशानी, विधायक ने मंत्री को लिखा पत्र
खुरई। खुरई विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पशु चिकित्सा केंद्रों पर पद रिक्त होने के कारण पशुपालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी एवं सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी के पद लंबे समय से खाली हैं, जिससे उपचार, टीकाकरण और कृत्रिम गर्भाधान जैसी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार खुरई, बांदरी, बरोदिया नॉनगर और रजवास में पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी के पद रिक्त हैं।
वहीं कृत्रिम गर्भाधान उप केंद्र गढ़ोला जागीर, कठेलि, बनहट तथा केंद्र खुरई सहित पशु औषधालय कुमरोल, दरी, बरोदिया कलां और परसोन में भी पद खाली पड़े हैं।
इन रिक्तियों के चलते पशुओं के उपचार में देरी हो रही है, जिससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर चिकित्सा सुविधा न मिलने से दुग्ध उत्पादन और पशुधन स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने प्रदेश के पशुपालन मंत्री लखन पटेल को पत्र लिखकर रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग की है। विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि पशुपालकों की सुविधा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए इन पदों पर तत्काल नियुक्ति आवश्यक है।
पशुपालकों ने भी उम्मीद जताई है कि शासन स्तर पर शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र में पशु चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।