“मिशन शक्ति की तत्परता: 15 मिनट में गुमशुदा मासूम बरामद, माँ को सौंपा सुरक्षित”
संवाददाता: देव ठाकुर की रिपोर्ट (बिल्सी)
मिशन शक्ति की तत्परता से 15 मिनट में मिला गुमशुदा मासूम, बिल्सी पुलिस की सराहना
बिल्सी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी बिल्सी के नेतृत्व में चलाए जा रहे गुमशुदा बच्चों की बरामदगी के विशेष अभियान के तहत थाना बिल्सी की मिशन शक्ति टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए मात्र 15 मिनट में तीन वर्षीय गुमशुदा बच्चे को सकुशल बरामद कर उसकी माँ के सुपुर्द कर दिया। जानकारी के अनुसार, ग्राम मिर्जापुर शोहरा निवासी श्रीमती सुनीता अपने तीन वर्षीय पुत्र हिमांशु के साथ साप्ताहिक बाजार करने कस्बा बिल्सी आई थीं। बाजार में अधिक भीड़ होने के कारण अचानक बच्चा उनसे बिछड़ गया। काफी तलाश के बाद भी जब बच्चे का कोई पता नहीं चला, तो उन्होंने थाना बिल्सी स्थित मिशन शक्ति केंद्र पर मौखिक सूचना दी। सूचना मिलते ही मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक रचना देशवाल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम के साथ बाजार क्षेत्र में सघन तलाश अभियान शुरू कर दिया। टीम की त्वरित एवं सतर्क कार्रवाई के चलते लगभग 15–20 मिनट के भीतर बच्चा साप्ताहिक बाजार में आटा चक्की के पास रोता हुआ मिला। पुलिस टीम ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसकी माँ को सौंप दिया। अपने बेटे को सकुशल वापस पाकर माँ की आँखों में खुशी के आँसू छलक पड़े। उन्होंने बिल्सी पुलिस और मिशन शक्ति टीम की तत्परता एवं मानवीय कार्य की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य में उपनिरीक्षक रचना देशवाल के साथ कांस्टेबल सचिन कुमार, नागेन्द्र तथा विपिन का विशेष योगदान रहा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल एक परिवार को बड़ी राहत मिली, बल्कि क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान के प्रति लोगों का विश्वास भी और मजबूत हुआ। संवाद