राजकीय मेडिकल कॉलेज जिगनेरा में ‘पुलिस की पाठशाला’, साइबर अपराध से बचाव के दिए टिप्स
शाहजहांपुर। अमर उजाला के तत्वावधान में बुधवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज जिगनेरा में ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “कानून का सम्मान, कानून से जीवन आसान” रही। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), जनपद शाहजहांपुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, सोशल मीडिया दुरुपयोग और डिजिटल भुगतान धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अज्ञात कॉल, मैसेज या लिंक पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी प्रकार की ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
उन्होंने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 1090 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी जानकारी दी। “गोल्डन आवर” का महत्व बताते हुए कहा कि दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाना जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने छात्र-छात्राओं को कानून संबंधी सामान्य जानकारी, महिला सुरक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कार्यालय के अधिकारी, महाविद्यालय के प्राचार्य, उप-प्राचार्य, प्रशिक्षणरत छात्र-छात्राएं एवं मेडिकल कॉलेज स्टाफ उपस्थित रहे।