logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सड़क सुरक्षा पर सख्ती-बिना फिटनेस स्कूली वाहन नहीं चलेंगे, लापरवाह चालकों के लाइसेंस होंगे निरस्त

फतेहपुर संवाददाता।
जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर गंभीर मंथन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के किसी भी स्कूली वाहन का संचालन हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस विभाग और एआरटीओ को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जिन दुर्घटनाओं में वाहन चालक की लापरवाही से किसी की मृत्यु हुई हो, ऐसे मामलों में नियमानुसार ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
सीडीओ ने पुलिस विभाग को दुर्घटना जांच रिपोर्ट समय से एआरटीओ को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के लाइसेंस निरस्त किए जाएं। दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए रम्बल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर, व्हाइट पट्टी पेंटिंग एवं आवश्यक साइनेज लगाने के निर्देश संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को दिए गए।
पुलिस एवं परिवहन विभाग को संवेदनशीलता के साथ प्रवर्तन कार्रवाई निरंतर जारी रखने को कहा गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के किनारे स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध मानव संसाधन एवं उपकरणों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि दुर्घटना की स्थिति में त्वरित उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, पुलिस क्षेत्राधिकारी, उप संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, टीएसआई यातायात, एनएचआई के प्रतिनिधि, समिति सदस्य अशोक तपस्वी, प्रदीप गर्ग सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

0
243 views

Comment