राष्ट्रीय गणित दिवस पर जिला विज्ञान क्लब बलिया का भव्य आयोजन, श्रीनिवास रामानुजन को किया नमन।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में जिलाधिकारी के निर्देशानुसार तथा मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक के मार्गदर्शन में जिला विज्ञान क्लब बलिया द्वारा महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय गणित दिवस पर वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन एम.एन.बी. मेमोरियल पब्लिक स्कूल, नसीरपुर मठ, कोटवा नारायणपुर में किया गया।
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी देवराज पटेल तथा विशिष्ट अतिथि एसआई धनंजय सिंह (चौकी इंचार्ज कोरंटाडीह) एवं पूर्व प्राचार्या डॉ. प्रतिभा त्रिपाठी द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
मुख्य अतिथि देवराज पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, ऐसे कार्यक्रम उन्हें प्रेरणा प्रदान करते हैं। धनंजय सिंह ने कहा कि गणित को लेकर अनावश्यक तनाव लेने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि गणित हमारे दैनिक जीवन से जुड़ा हुआ विषय है। उन्होंने प्रेरक वाक्य “कोशिश करने वालों की हार नहीं होती” के माध्यम से छात्रों का उत्साहवर्धन किया। शिक्षिका खुशी शर्मा ने श्रीनिवास रामानुजन के जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रहलाद पाण्डेय ने विद्यार्थियों को गणित विषय को सहज भाव से सीखने की सलाह दी।
जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक अतुल कुमार ने राष्ट्रीय गणित दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गणित प्रकृति की भाषा है और जिसकी गणित मजबूत होती है, वह जीवन को बेहतर ढंग से संचालित कर सकता है। गणित विशेषज्ञ डॉ. धीरज कुमार सिंह ने घनमूल निकालने की सरल विधियाँ, त्रिकोणमिति के सूत्रों की रचना, रेखागणित को सरल बनाने के उपाय तथा बीजगणित और व्यवहारिक गणित के रोचक प्रयोग प्रस्तुत किए। साथ ही उन्होंने रामानुजन के गणित में योगदान की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान गणित एवं विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी, पोस्टर प्रतियोगिता तथा गणित प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। मूल्यांकन समिति में डॉ. प्रतिभा त्रिपाठी, शिव प्रकाश राय एवं शौरभ राय शामिल रहे। सभी विजेता विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को मोमेंटो, मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राजीव जायसवाल (बालिका शिक्षा संस्थान), बालकृष्ण राय, अमित सिंह (राधिका इंटरनेशनल स्कूल), ओम बच्चन सिंह यादव, ज्ञानेंद्र कुमार राय, संतोष यादव, प्रेम प्रकाश राय (सहजानंद स्कूल), अमिताभ राय, बिनोद जायसवाल, पूर्व प्रधान एवं राष्ट्रपति से सम्मानित निशा राय सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन जिला विज्ञान क्लब बलिया के सह-समन्वयक सुधीर कुमार सिंह ने किया तथा अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने की।