ट्रक के केबिन में फंसे ड्राइवर अरविंद यादव को करीब 3 घंटे में सुरक्षित बाहर निकाला गया
रणधीर नगर स्थित नेशनल हाईवे पर ओवरटेक करते समय दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि नागपुर से ग्वालियर जा रहे ट्रक के ड्राइवर अरविंद यादव करीब दो घंटे तक केबिन में बुरी तरह फंसे रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे अरविंद यादव केबिन में दब गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस, पुलिस और NHAI की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त प्रयास से करीब दो घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अरविंद यादव को सुरक्षित बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में उनके पिता धनीराम यादव भी घायल हो गए। दोनों पिता-पुत्र को इलाज के लिए सिवनी रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि दूसरे ट्रक का चालक टक्कर के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि हाईवे पर ओवरटेक करते समय विशेष सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें।