27 फरवरी को आईटीआई सालारपुर में आयोजित होगा वृहद रोजगार मेला
संवाददाता: देव ठाकुर
बदायूँ। जिला सेवायोजन कार्यालय बदायूँ, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एवं कौशल विकास मिशन के तत्वावधान में 27 फरवरी 2026 को प्रातः 09ः00 बजे से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सालारपुर बदायूँ परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में निजी क्षेत्र की 50 से अधिक कंपनियों द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक/स्नातकोत्तर उत्तीर्ण 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। लगभग 3000 अभ्यर्थियों की उपस्थिति संभावित है।
जिला मजिस्ट्रेट अवनीश राय ने रोजगार मेले के सफल आयोजन हेतु विभिन्न अधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) बदायूँ को कार्यक्रम स्थल पर यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी बदायूँ को कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी बदायूँ को चिकित्सकों के पैनल के साथ आकस्मिक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए एक एम्बुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन अधिकारी बदायूँ को कार्यक्रम स्थल पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी बदायूँ को कार्यक्रम स्थल पर सफाई व्यवस्था हेतु कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद बदायूँ को साफ-सफाई, मोबाइल शौचालय एवं पेयजल हेतु टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रधानाचार्य आईटीआई/जिला सेवायोजन अधिकारी को समस्त अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर रोजगार मेले को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। सभी नामित अधिकारियों को आयोजन तिथि पर समय से कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहकर समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। संवाद