एसोसिएशन फॉर परिवर्तन ऑफ़ नेशन द्वारा डोरंडा में आरटीई जागरूकता कैंप का आयोजन
रांची। 25 फरवरी को एसोसिएशन फॉर परिवर्तन ऑफ़ नेशन की ओर से डोरंडा (रांची) में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत एक विशेष आरटीई जागरूकता कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में तीस से ज़्यादा अभिभावकों ने भाग लिया और अपने बच्चों के भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कैंप के दौरान अभिभावकों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 की धारा 12(1)(ग) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस प्रावधान के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) तथा अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) से संबंधित परिवार अपने बच्चों का नामांकन निकटवर्ती प्राइवेट (अल्पसंख्यक विद्यालयों को छोड़कर) इंग्लिश मीडियम स्कूलों में निःशुल्क करा सकते हैं।
आय सीमा ₹72,000 वार्षिक से कम होने की स्थिति में पात्र परिवार इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। बच्चों के प्रवेश हेतु प्री–नर्सरी / नर्सरी / प्रेप / एल.के.जी. / के.जी. कक्षाओं में आयु सीमा 3 वर्ष 6 माह से 4 वर्ष 6 माह (31 मार्च 2026 के आधार पर) निर्धारित की गई है।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 15 मार्च 2026 आवेदन आधिकारिक वेबसाइट www.rteranchi.in पर ऑनलाइन किया जाएगा। शिविर में उपस्थित शिक्षा मित्रों ने अभिभावकों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज़ (आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र आदि) की जानकारी दी तथा निःशुल्क ऑनलाइन फॉर्म भरने में सहायता प्रदान की। इस कैंप के आयोजन में वार्ड 45 के उम्मीदवार मोहम्मद इमरान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और स्थानीय स्तर पर लोगों को जोड़ने में सक्रिय सहयोग दिया। संस्था की ओर से कहा गया कि उनका उद्देश्य है — जब तक हर व्यक्ति अपने अधिकार से न जुड़ जाए – परिवर्तन अधूरा है।
संस्था ने अभिभावकों से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर को न गंवाएँ और अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समय रहते आवेदन करें।