logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

अवैध कोयला ट्रक से कुचलकर मासूम की मौत, विधानसभा में उठा मुद्दा,बीसीसीएल और आउटसोर्सिंग कंपनी पर मिलीभगत का आरोप

-रांची/धनबाद, 25 फरवरी 2026: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान झरिया की विधायक रागिनी सिंह ने अवैध कोयला कारोबार से जुड़ा गंभीर मामला सदन में उठाया। उन्होंने 23 फरवरी को धनबाद के बालू गद्दा, लिलोरी पत्थरा में हुई घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि 18 चक्का कोयला लदे ट्रक से कुचलकर 10 वर्षीय मासूम मुस्कान की मौत हो गई।

विधायक ने आरोप लगाया कि देव प्रभा आउटसोर्सिंग कंपनी और भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के कुछ अधिकारियों की कथित मिलीभगत से अवैध रूप से कोयला लोड ट्रकों का परिचालन हो रहा था। इसी क्रम में संकरी और जर्जर गलियों से गुजर रहे ट्रक ने सो रही बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सदन में बोलते हुए रागिनी सिंह ने सवाल उठाया कि जिस रास्ते से छोटे चार पहिया वाहन का गुजरना मुश्किल है, वहां 18 चक्का ट्रक किसके संरक्षण में चलाया जा रहा था? उन्होंने पूछा कि इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और अवैध कारोबारियों पर कार्रवाई कब होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि पिछले वर्ष अक्टूबर में सिंह नेचुरल्स आउटसोर्सिंग कंपनी में भी इसी तरह की घटना हुई थी, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि लापरवाही और कथित मिलीभगत का खामियाजा स्थानीय लोगों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है।

विधायक ने दोषी आउटसोर्सिंग कंपनी और संबंधित अधिकारियों की उच्चस्तरीय जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि कोयले की राजधानी कहे जाने वाले धनबाद में अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाना राज्य सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

19
961 views

Comment