अंग्रेजी विभाग में पूर्व छात्रा संवाद कार्यक्रम आयोजित
खानपुर कलां 25 फरवरी। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां के अंग्रेजी विभाग द्वारा आज पूर्व छात्रा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शैक्षणिक मार्गदर्शन तथा करियर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करना था। इस अवसर पर विभाग की पूर्व छात्रा डॉ. शिखा शर्मा, सहायक प्राध्यापक, मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष प्रोफेसर गीता के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने डॉ. शिखा शर्मा का अभिनंदन करते हुए उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा छात्राओं को सत्र में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में डॉ. शिखा शर्मा ने शोधार्थी के रूप में अपने अनुभव साझा किए तथा शोध पत्र प्रकाशित करने की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उपयुक्त शोध पत्रिका के चयन, इंडेक्सिंग एवं इम्पैक्ट फैक्टर की समझ, भ्रामक जर्नल्स से बचाव तथा शैक्षणिक ईमानदारी बनाए रखने के विषय में व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने मौलिकता, स्पष्ट विचार और निरंतर परिश्रम को गुणवत्तापूर्ण शोध की आधारशिला बताया तथा छात्राओं को समर्पण के साथ शोध कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं ने उच्च शिक्षा, पीएच.डी. के बाद करियर संभावनाओं तथा शोध कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों से संबंधित प्रश्न पूछे। डॉ. शर्मा ने छात्राओं को अपने शैक्षणिक सफर की रणनीतिक योजना बनाने, समय का प्रभावी प्रबंधन करने तथा निर्धारित अवधि में शोध कार्य पूर्ण करने की सलाह दी। उन्होंने अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि सच्ची सफलता लक्ष्य के प्रति ईमानदारी और प्रतिबद्धता में निहित है।
कार्यक्रम का समापन औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
फोटो कैप्शन :- 02 डॉ शिखा शर्मा का स्वागत करते अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो गीता।