सरसीवा में रेत से भरी हाइवा रोककर मारपीट, लूटपाट और जानलेवा हमला!
पीड़ित ने SP कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
सरसीवा थाना क्षेत्र में रेत परिवहन कर लौट रहे टाटा निवासी रोहित कुमार साहू और चालक धानेश्वर साहू के साथ 20 फरवरी 2026 की रात लगभग 12:00 से 12:30 बजे के बीच गंभीर मारपीट, लूटपाट और जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
घटना इस प्रकार हुई
ढोटमा रेत खदान (रियलिटी) से हाइवा में रेत भरकर लौट रहे रोहित साहू और चालक जैसे ही सरसीवा–पेंड्रावन चौक पहुँचे, तभी नारायण साहू पिता घनश्याम साहू, उमा साहू पिता खगेश साहू, सामू केशरवानी, मनोज कुर्रे, गोलू साहू सहित 12–13 लोगों ने वाहन को घेरकर रोक दिया।
रोहित साहू के अनुसार, नारायण साहू और उमाशंकर साहू सहित कई लोगों के हाथ में तलवार जैसे धारदार हथियार थे, जबकि कुछ के पास बेल्ट और डंडे थे। आरोपियों ने दोनों को मारना-पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान नारायण साहू गाड़ी में चढ़ गया और हाइवा की चाबी निकाल ली तथा रोहित साहू की जेब से ₹1,50,000 नगद निकाल लिया।
जानलेवा हरकत भी की गई
आरोप है कि आरोपियों ने अपनी प्लेटिना मोटरसाइकिल को हाइवा के सामने रखकर जानबूझकर नीचे धक्का दे दिया, जिससे बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। इसके बाद सभी आरोपी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर बस्ती की तरफ भागे।
पहले भी हो चुके हैं हमले – कार्रवाई नहीं होने का आरोप
पीड़ित ने बताया कि रोहित साहू के बड़े भाई रामकुमार साहू के साथ भी 3–4 बार इसी तरह की घटनाएँ हो चुकी हैं, जिसकी लिखित शिकायत थाना सरसीवा में दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। रोहित ने यह भी आरोप लगाया कि थाना प्रभारी ने मामले को “छोटा केस बनाकर टाल देने” की बात कही थी।
SP कार्यालय में लगाई गुहार
मारपीट में चोटिल हुए पीड़ितों ने प्रारंभिक उपचार कराने के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं व गंभीर हमले के बावजूद कार्रवाई न होने से वे भयग्रस्त हैं।
पीड़ितों ने आरोपियों पर लूट, जानलेवा हमला और धमकी जैसे गंभीर अपराधों में कठोर कार्रवाई की मांग की है।