होली, रमजान व ईद को लेकर कलेक्ट्रेट में पीस कमेटी की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील
होली, रमजान व ईद को लेकर कलेक्ट्रेट में पीस कमेटी की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील
जय प्रकाश त्रिपाठी
संवाददाता सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर, 24 फरवरी 2026। होली, पवित्र माह रमजान एवं ईद के त्योहार को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संजीव त्यागी (डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र) ने की। इस अवसर पर शिवशरणप्पा जी एन (जिलाधिकारी), डा. अभिषेक महाजन (पुलिस अधीक्षक), गौरव श्रीवास्तव (अपर जिलाधिकारी वि./रा.) एवं प्रशान्त कुमार (अपर पुलिस अधीक्षक) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारम्भ में डीआईजी ने सभी थाना क्षेत्रों से आए पीस कमेटी सदस्यों एवं थानाध्यक्षों से पूर्व में आयोजित बैठकों की फीडबैक ली। उन्होंने अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराया जाए।
पीस कमेटी के सदस्यों ने आश्वस्त किया कि जनपद में सौहार्दपूर्ण वातावरण है और सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएंगे। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने भी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने का भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिसे रंग खेलना पसंद न हो, उसे जबरन रंग न लगाया जाए। हुड़दंग, छेड़छाड़ एवं किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों से परहेज किया जाए। डीजे निर्धारित मानक के अनुसार ही बजाए जाएं तथा कोई नई परंपरा न शुरू की जाए। होली के दिन शराब की दुकानें बंद रहेंगी और इसका कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा। साथ ही विद्युत आपूर्ति निर्बाध रखने के निर्देश भी दिए गए।
डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि होली जुलूस एवं होलिका दहन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप हो और त्योहार पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मनाया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिन थाना क्षेत्रों में होली के जुलूस निकलते हैं, वहां विशेष सतर्कता बरती जाए तथा अतिरिक्त पुलिस बल एवं बॉडी प्रोटेक्टर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक के अंत में डीआईजी ने जनपदवासियों को होली, रमजान एवं ईद की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सिद्धार्थनगर एक शांतिप्रिय जनपद है और सभी लोग आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने भरोसा दिलाया कि जनपद में सभी त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाएंगे तथा डीआईजी का बैठक में आगमन हेतु आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रजत कुमार चौरसिया, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, विद्युत विभाग के अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, समस्त थानाध्यक्ष एवं पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।