logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

चेन्नई में ‘एक शाम सुंधा माता जी के नाम’ भजन संध्या, श्रद्धालु भक्ति में हुए सराबोर

बेंगलुरु/चेन्नई (दलपतसिंह भायल )स्थानीय श्री सुंधा माता जी भक्त मंडल द्वारा रविवार को कन्यका परमेश्वरी कॉलेज प्रांगण में आयोजित “एक शाम सुंधा माता जी के नाम” भजन संध्या कार्यक्रम श्रद्धा, उल्लास और भक्ति से ओतप्रोत रहा। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। पूरा प्रांगण मां सुंधा के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा और श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए।
राजस्थान से पधारे भजन गायक दीपक राठौड़ ने जब अपने सुरों में “मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे” भजन प्रस्तुत किया तो वातावरण भक्तिमय हो उठा। वहीं भजन गायिका ललिता पवार एवं आशा सपेरा ने राजस्थानी फागुन गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान चेन्नई से जालोर भगत की कोठी तक ट्रेन सेवा प्रारंभ होने के उपलक्ष्य में अभिनंदन समारोह भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने डिजिटल माध्यम से जुड़कर आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने चेन्नई से जालोर तक चलने वाली ट्रेन को सप्ताह के सातों दिन संचालित करने का निर्देश देते हुए जालोर-सिरोही के सांसद लुंबाराम चौधरी का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने ट्रेन को नियमित करने हेतु लगातार प्रयास किए।
अपने संबोधन में रेल मंत्री ने भारतीय रेलवे द्वारा किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी और यात्रियों से ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने प्रवासी समाज से अपनी विशिष्ट पहचान बनाए रखते हुए गुणवत्तापूर्ण जीवन जीने का संदेश भी दिया।
रेल मंत्री के संबोधन के उपरांत मंडल की ओर से सहयोगियों का अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। मंडल के अध्यक्ष किशनराज गजानी एवं उपाध्यक्ष डार्विन शर्मा ने मंच संचालन करते हुए मंत्री को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ने पर आभार व्यक्त किया। सभी सदस्यों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

151
1841 views

Comment