रूपवास में पत्रकार से मारपीट का आरोप, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
रूपवास /भरतपुर । रूपवास स्वतंत्र पत्रकार संघ द्वारा जिला कलेक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक, भरतपुर (राजस्थान) को ज्ञापन सौंपकर पत्रकार के साथ हुई कथित मारपीट की घटना में सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन के अनुसार, गांव गहलौली निवासी संजय चौहान जो कि पत्रकार हैं, अपने पैर का एक्स-रे करवाने के लिए रूपवास के राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचे थे। पर्ची बनवाने के दौरान अधिक भीड़ होने पर उन्होंने व्यवस्था का वीडियो बनाना शुरू किया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने उनका मोबाइल छीन लिया और उन्हें प्रभारी लखन चौधरी के पास ले जाया गया, जहां उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई। पत्रकार संघ का आरोप है कि प्रभारी सहित अन्य कर्मचारियों ने भी मारपीट की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि पुलिस द्वारा भी पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार किया गया। बाद में कुछ लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। संघ ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित रखने और उसकी जांच कराने की मांग की है।