बिहार की सभी पुलिस लाइन में बनेंगे स्कूल-अस्पताल, 31 हजार नई बहाली का ऐलान...
पटना। बिहार में पुलिस बल को मजबूत करने और उनके कल्याण के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। राज्य की सभी पुलिस लाइन में स्कूल और अस्पताल खोले जाएंगे। इसके साथ ही 31 हजार नए पुलिसकर्मियों की बहाली की घोषणा की गई है। यह ऐलान मंत्री सम्राट चौधरी ने किया।
उन्होंने बताया कि 31 हजार नई नियुक्तियों में से 17 हजार बहाली ‘सैप’ के तहत की जाएगी। इस प्रक्रिया में अर्धसैनिक बलों के कर्मियों को भी अवसर मिलेगा। सरकार का उद्देश्य पुलिस बल को सशक्त बनाने के साथ-साथ उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि गृह रक्षकों के मानदेय में बढ़ोतरी की गई है। साथ ही राज्य में पुलिस प्रशिक्षण व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।
सरकार के इस फैसले को पुलिसकर्मियों के लिए बड़ी राहत और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।