नालंदा में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिगों का शोषण, 13 लड़कियां मुक्त, दो गिरफ्तार
नालंदा जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑर्केस्ट्रा की आड़ में रखी गई 13 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। बताया जा रहा है कि इन लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर बुलाया गया था और बाद में जबरन ऑर्केस्ट्रा में काम करने के लिए मजबूर किया गया।
मामला जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ऑर्केस्ट्रा ग्रुप में नाबालिग लड़कियों को अवैध रूप से रखा गया है। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जहां से 13 लड़कियों को सुरक्षित निकाला गया। इनमें से 9 लड़कियां सरमेरा इलाके से बरामद की गईं।
मुक्त कराई गई एक नाबालिग ने पुलिस को बताया कि जो भी वहां से भागने की कोशिश करता था, उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाता था। लड़कियों को बाहर जाने की अनुमति नहीं थी और उन पर लगातार दबाव बनाया जाता था।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। सभी मुक्त कराई गई लड़कियों को मेडिकल जांच के बाद परिजनों को सौंपने या बाल संरक्षण गृह भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में मानव तस्करी और संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।