logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

रेलवे ओवरब्रिज की जर्जर हालत पर फूटा आक्रोश: ADM कार्यालय पर प्रदर्शन, 15 मार्च तक मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

दो हिस्सों में बंटे सूरतगढ़ को जोड़ने वाले रेलवे ओवरब्रिज की बदहाल स्थिति को लेकर नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है। इस संबंध में क्षेत्रवासियों ने सोमवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर दीनानाथ बब्बल को ज्ञापन सौंपकर पुल की तत्काल मरम्मत की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि पिछले दो वर्षों से ओवरब्रिज की हालत लगातार खराब होती जा रही है, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
उक्त ओवरब्रिज के नीचे से रेलवे लाइन गुजरती है तथा प्रतिदिन हजारों वाहन इस पुल से होकर गुजरते हैं। पुल की सड़क उखड़ी हुई है और जगह-जगह गड्ढे हो चुके हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं करवाई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
पुल पर लगे विद्युत पोल भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और अधिकांश लाइटें बंद पड़ी हैं। रात के समय अंधेरा छाया रहता है, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं। पुल पर शराब की खाली बोतलें, नशीले इंजेक्शन और दवाइयों के रैपर खुलेआम पड़े मिलते हैं, जिससे यह स्थान नशेड़ियों की पनाहगाह बनता जा रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि यह ओवरब्रिज केवल सूरतगढ़ शहर ही नहीं, बल्कि रावतसर और पीलीबंगा क्षेत्र के गांवों को भी जोड़ता है। ऐसे में इसकी अनदेखी अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि 15 मार्च से पहले पुल की संपूर्ण मरम्मत, क्षतिग्रस्त पोलों का बदलाव, लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अन्यथा 15 मार्च के बाद पुल जाम और आमरण अनशन जैसे आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
प्रदर्शन और ज्ञापन के दौरान योगेश मेघवाल, सतनाम वर्मा, अक्षर नायक, सदीक मोहम्मद, रामअवध, सन्तलाल, पूर्व पार्षद सतपाल मामा, नवीन कुमार, रामकुमार सिंह, केवल कुमार, आजाद सेन, एडवोकेट वेदप्रकाश वर्मा, रीछपाल, सलीम, सिकन्दर खान, प्रभूराम शर्मा, पूर्व पार्षद ज्योति माई, रामदयाल सहारण, राहुल सहारण, हेमसिंह, दिनेश, सुभाष नायक, रावत नायक, पूर्व पार्षद विक्रम बाल्मीकि आदि मौजूद रहे।
Aima media jhalawar

1
0 views

Comment