Asansol मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वाली दुकानों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
आसनसोल :- आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए अब मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वाली दुकानों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को एसीपी ट्रैफिक विश्वजीत साहा के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस, दक्षिण थाना और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने उषा ग्राम की दुकानों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बड़ी संख्या में अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर बरामद किए गए। एसीपी विश्वजीत साहा ने बताया कि पहले सड़कों पर बाइक सवारों पर जुर्माना लगाया गया था, जिनसे मिली जानकारी के आधार पर ही इन दुकानों को चिन्हित किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये साइलेंसर न केवल जनता के लिए परेशानी का सबब हैं, बल्कि ध्वनि प्रदूषण मानकों का भी उल्लंघन करते हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि मॉडीफाइड सायलेंसर बेचने वाले दुकान मालिकों के खिलाफ कानूनी के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।