logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

25 साल से बदहाल सड़क! घुटनों तक कीचड़ पार कर स्कूल जा रहे बच्चे, एंबुलेंस भी नहीं पहुंच पा रही



हुगली। हुगली जिले के सप्तग्राम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत महामनद ग्राम पंचायत के रामनाथपुर से रहीमपुर तक की सड़क की हालत बेहद खराब है। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 25 वर्षों से इस सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। कच्ची सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं, और हल्की बारिश में ही पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि बाजार जाने, बीमारों को अस्पताल ले जाने और बच्चों को स्कूल भेजने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं।महिलाएं घुटनों तक कीचड़ में चलने को मजबूर हैं, जबकि छोटे-छोटे बच्चे सिर पर स्कूल बैग और हाथ में जूते लेकर स्कूल पहुंचते हैं। एक ग्रामीण ने नाराजगी जताते हुए कहा, हम वोट देते हैं, फिर भी हमारे इलाके में विकास क्यों नहीं हो रहा? सिर्फ वादे होते हैं, काम नहीं। इस मुद्दे पर भाजपा के हुगली संगठनात्मक जिला सह-उपाध्यक्ष स्वराज घोष ने कहा, तृणमूल विकास की बड़ी-बड़ी बातें करती है और हर साल पथश्री योजना के तहत सड़क निर्माण का दावा करती है। लेकिन इस गांव के लोगों को आज तक पक्की सड़क नसीब नहीं हुई। मोटरसाइकिल और साइकिल तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल है। यहां तक कि एंबुलेंस भी नहीं पहुंच पा रही। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, यदि प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता, तो भाजपा कार्यकर्ता खुद मिट्टी डालकर गड्ढे भरने और सड़क निर्माण का काम शुरू करेंगे। वहीं, इस मामले में जिला परिषद अध्यक्ष रंजन धारा से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द स्थायी पक्की सड़क बनाई जाए।।

1
623 views

Comment