logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सपा छात्र नेता के घर 8 राउंड फायरिंग किया, आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सपा छात्र नेता उज्ज्वल यादव के घर पर दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि छह बदमाश फॉर्च्यूनर गाड़ी से पहुंचे और घर में घुसकर आठ राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना का करीब साढ़े चार मिनट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस ने बीजेपी से जुड़े एक नेता के बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 20 फरवरी की रात करीब 11 बजे अलीनगर उत्तरी मोहल्ले में हुई। हमलावरों ने न केवल फायरिंग की, बल्कि सपा नेता की मां के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी।

🔹 घर में घुसकर दी हत्या की धमकी

पीड़िता संध्या यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घटना के समय उनका बेटा उज्ज्वल यादव घर पर मौजूद नहीं था। तभी छह युवक फॉर्च्यूनर से पहुंचे। तीन आरोपी गाड़ी में ही रुके रहे, जबकि मुख्य आरोपी आर्थक सिंह अपने दो साथियों के साथ घर के दरवाजे तक आया।
बताया गया कि आर्थक सिंह हाथ में पिस्टल लेकर गाली-गलौज करते हुए उज्ज्वल के बारे में पूछने लगा। जब संध्या यादव ने कहा कि वह घर पर नहीं है, तो आरोपियों ने उसे बुलाने और हत्या करने की धमकी दी।

🔹 विरोध करने पर मां से मारपीट

संध्या यादव के अनुसार, जब उन्होंने विरोध किया तो मुख्य आरोपी ने उनका मुंह दबाकर थप्पड़ मारा। इसके बाद आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी और दहशत फैलाते हुए मौके से भागने लगे।
इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर फॉर्च्यूनर से भाग रहे तीन आरोपियों को दबोच लिया, जबकि तीन अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

🔹 CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

पुलिस को घटनास्थल से करीब 4 मिनट 30 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें तीन आरोपी घर के अंदर घुसकर फायरिंग करते साफ दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में आठ राउंड फायरिंग की पुष्टि हुई है।
सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने आर्थक सिंह, महेश चौधरी और अनीश शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहा और घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर गाड़ी बरामद की गई है।

🔹 पूछताछ में कबूला प्लान

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 19 फरवरी को आर्थक सिंह का जन्मदिन था, जिस दौरान शराब पार्टी हुई। इसी पार्टी में अनीश शुक्ला ने उज्ज्वल यादव से अपनी पुरानी रंजिश का जिक्र किया। इसके बाद सभी ने मिलकर सपा नेता को सबक सिखाने की योजना बनाई।
बताया जा रहा है कि 20 फरवरी की रात फिर से पार्टी के बाद आरोपी उज्ज्वल यादव के घर पहुंचे और फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की।

🔹 मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी आर्थक सिंह पुत्र आदित्य सिंह, जगन्नाथपुर बरही कोठी का निवासी है। उसके पिता बीजेपी से जुड़े बताए जा रहे हैं।
आर्थक सिंह पर पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 में कैंट थाने में आर्म्स एक्ट का केस दर्ज हुआ था। इसके अलावा मारपीट, गैर इरादतन हत्या समेत कई मामले उस पर दर्ज बताए जा रहे हैं।
कुशीनगर के चर्चित नर्तकी कांड में भी आर्थक सिंह का नाम सामने आ चुका है, जिसमें उस पर गैंगरेप, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। उसके साथी अनीश शुक्ला और विपिन कुमार उर्फ आलोक कुमार सिंह पर भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

9
873 views

Comment