ग्राम पंचायतों में सरपंच बने प्रशासक, उपसरपंच व सदस्यों की निगरानी समिति रहेगी साथ
जळगांव / नाशिक:
राज्य में जिन ग्राम पंचायतों की अवधि समाप्त हो चुकी है या 28 फरवरी 2026 तक समाप्त होने वाली है, वहां चुनाव समय पर न हो पाने के कारण ग्रामविकास विभाग ने अहम फैसला लिया है। इसके तहत मौजूदा सरपंचों को ही प्रशासक नियुक्त किया गया है।
नए आदेशों के अनुसार, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) को प्रशासक नियुक्त करने का अधिकार दिया गया है। सरपंच अगले छह महीने या चुनाव संपन्न होने तक (जो पहले हो) प्रशासक के रूप में काम करेंगे, ताकि गांवों का प्रशासनिक कामकाज बाधित न हो।
साथ ही पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मौजूदा उपसरपंच और सदस्यों की एक निगरानी समिति गठित की जाएगी, जो निर्णय प्रक्रिया में भाग लेगी और प्रशासक पर नजर रखेगी। हाल ही में हुए ग्राम पंचायत बंद आंदोलन के बाद सरकार ने यह सकारात्मक निर्णय लिया है।
जळगांव जिले में करीब 783 ग्राम पंचायतों पर यह व्यवस्था लागू होगी। अब ग्रामीण क्षेत्रों की नजर ग्राम पंचायत चुनाव की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई है।